गोरखा समाज की महिलाओ को पालिका अध्यक्ष ने दी आत्मनिर्भरता की सौगात
गोरखा समाज की महिलाओ को पालिका अध्यक्ष ने दी आत्मनिर्भरता की सौगात
यह पहल नारी सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर होगी साबित; बृजेश मणि त्रिपाठी।
आई एन न्यूज नौतनवां डेस्क: नगर पालिका कार्यालय के सभागार में रविवार को एक विशेष समारोह का आयोजन कर गोरखा समाज कल्याण समिति नौतनवां के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने सभी नवचयनित पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि पालिका अध्यक्ष ने गोरखा महिला सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करते हुए सिलाई मशीनें भेंट कीं। सिलाई मशीनें पाकर महिलाएं अत्यंत प्रसन्न दिखीं और उन्होंने पालिका अध्यक्ष के प्रति आभार प्रकट किया। श्री त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि यह पहल नारी सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं महिलाओं को स्वावलंबी बनाने में सहायक होंगी।
इस सम्मान समारोह में गोरखा समाज कल्याण समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डम्बर बहादुर गुरुंग, उपाध्यक्ष तुल बहादुर थापा, कोषाध्यक्ष सुनील क्षेत्री, सचिव श्याम किशोर थापा, उप सचिव अजय राणा सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही भूतपूर्व सैनिक नर बहादुर राना, मोहन थापा, रामकुमार थापा तथा गोरखा महिला सिलाई प्रशिक्षण केंद्र से रानी थापा, सुनीता थापा, सुषमा थापा और प्रियंका गौड़ की सक्रिय सहभागिता रही। महाराजगंज- उत्तर प्रदेश।





