महराजगंज: व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक ने की बैठक
महराजगंज: व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक ने की बैठक
सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने के दिए निर्देश।
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क: पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना द्वारा आज पुलिस कार्यालय स्थित तथागत सभागार में जनपद के व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने अपनी-अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए एसपी सोमेंद्र मीना ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा सक्रिय रखें और समय-समय पर उनकी जांच भी करते रहें। इससे किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में जांच में मदद मिलेगी और अपराधियों की पहचान करना आसान होगा।
एसपी मीना ने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन सुरक्षा तभी और प्रभावी हो सकती है जब व्यापारी स्वयं भी सजग रहें और तकनीकी साधनों का सही तरीके से उपयोग करें। उन्होंने दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को देने, और बाजारों में अराजक तत्वों पर नजर बनाए रखने की अपील की।
बैठक में पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ व्यापार मंडल के पदाधिकारी व व्यापारी बन्धु उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस संवाद और पहल की सराहना की तथा व्यापारिक माहौल को सुरक्षित और सहयोगपूर्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





