कारगिल के अमर वीरों को नौतनवा ने किया नमन
कारगिल के अमर वीरों को नौतनवा का नमन
.आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क । कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर रविवार को नौतनवा नगर के छपवा तिराहे स्थित शहीद स्थल पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए देशभक्ति और राष्ट्र सेवा का संकल्प दोहराया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नगर के वीर सपूत शहीद पूरन बहादुर थापा एवं शहीद प्रदीप थापा को विशेष रूप से याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने दोनों वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें उन वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। नई पीढ़ी को उनके त्याग, साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में नौतनवा नगर के दो वीर सपूत शहीद पूरन बहादुर थापा एवं शहीद प्रदीप थापा ने अपने प्राणों की आहुति देकर न केवल नगर, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा और राष्ट्र उनके योगदान को कभी नहीं भुला पाएगा।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की पावन स्मृति को नमन किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। पूरे वातावरण में “भारत माता की जय” तथा “अमर शहीद अमर रहें” के नारों से शहीद स्थल गूंज उठा।
महराजगंज– उत्तर प्रदेश।



