सावधान! नेपाल यात्रा से लौटते वक्त इस नियम की अनदेखी पड़ सकती है महंगी
नेपाल जाने वाले भारतीय वाहन चालकों के लिए जरूरी सूचना: लौटते समय एग्जिट एंट्री कराना अनिवार्य
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क। पड़ोसी राष्ट्र नेपाल की यात्रा करने वाले भारतीय वाहन चालकों और पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। यदि आप अपने निजी वाहन से नेपाल गए हैं, तो भारत लौटने से पहले संबंधित नेपाल भंसार (कस्टम) कार्यालय में वाहन की ‘एग्जिट (निकासी) एंट्री’ दर्ज कराना अनिवार्य है।
जानकारी के अनुसार, सोनौली-भैरहवा, रक्सौल-वीरगंज सहित अन्य भारत-नेपाल सीमा स्थित नेपाल कस्टम कार्यालयों से बिना एग्जिट एंट्री कराए वाहन लेकर भारत आने पर नेपाल प्रशासन इसे नियमों का उल्लंघन मान सकता है। ऐसी स्थिति में संबंधित वाहन स्वामी पर जुर्माना सहित अन्य प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि नेपाल से वापसी के समय भंसार कार्यालय में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही सीमा पार करें। इससे अनावश्यक आर्थिक दंड, कानूनी जटिलताओं और यात्रा में होने वाली असुविधा से बचा जा सकता है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में नेपाल में भारतीय पर्यटकों और वाहनों को लेकर नियमों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में नेपाल यात्रा पर जाने वाले भारतीय पर्यटकों और वाहन चालकों को सभी निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। महाराजगंज– उत्तर प्रदेश



