नौतनवा में सपा की गुटबाजी उजागर, अखिलेश की गिरफ्तारी पर दो गुटों का अलग-अलग प्रदर्शन

नौतनवा में सपा की गुटबाजी उजागर, अखिलेश की गिरफ्तारी पर दो गुटों का अलग-अलग प्रदर्शन
आई एन न्यूज नौतनवां डेस्क:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई घटना के विरोध में बुधवार को नौतनवा में समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन दो गुटों में बंटा नजर आया। दोनों गुटों ने अलग-अलग स्थानों से जुलूस निकालकर तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
सुबह करीब 11 बजे समाजवादी पार्टी का एक गुट तहसील के सामने मुख्य मार्ग पर एकत्रित हुआ। विधानसभा अध्यक्ष विक्रम यादव एवं युवा नेता बैजू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और पैदल मार्च करते हुए नौतनवा तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।वहीं, समाजवादी पार्टी का दूसरा गुट नौतनवा विधानसभा के पूर्व विधायक कुंवर कौशल उर्फ मुन्ना सिंह के नेतृत्व में उनके आवास से निकला। समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए यह जत्था भी तहसील पहुंचा और उपजिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने अखिलेश यादव की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करार दिया। उनका आरोप था कि केंद्र और प्रदेश सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे समाजवादी पार्टी किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
सपा नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर हुई घटना और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।
दोनों गुटों ने अलग-अलग जुलूस और ज्ञापन के माध्यम से सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। हालांकि, विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी का दो हिस्सों में बंटकर अलग-अलग कार्यक्रम करना स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा। इससे नौतनवा में समाजवादी पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई।.
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *