घर में घुसकर मारपीट, बहू से छेड़छाड़ का आरोप, सीओ से लगाई न्याय की गुहार
घर में घुसकर मारपीट, बहू से छेड़छाड़ का आरोप, सीओ से लगाई न्याय की गुहार
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क। नौतनवा थाना क्षेत्र के आरजी सरकार उर्फ बैरियहवा गांव में महिलाओं के साथ कथित मारपीट और छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के कुछ लोग घर में घुस आए, महिलाओं के साथ मारपीट की और विरोध करने पर एक महिला की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी नाक तक टूट गई। सबसे हैरानी की बात यह है कि पीड़िता का आरोप है कि घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद नौतनवा थाने में उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
पीड़िता सावित्री देवी, पत्नी वासुदेव, ने शुक्रवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) नौतनवा बसंत सिंह से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की। अपने शिकायती पत्र में सावित्री देवी ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोग उनके घर में जबरन घुस आए और उनकी बहू के साथ छेड़छाड़ की। जब उन्होंने और उनकी बहू ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने दोनों को बेरहमी से पीटा।
सावित्री देवी का कहना है कि हमलावरों ने उन्हें इस कदर मारा कि उनकी नाक टूट गई, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने अब तक उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वह पिछले चार दिनों से न्याय की उम्मीद में नौतनवा थाने का चक्कर लगा रही हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र जायसवाल भी पीड़ित परिवार के साथ पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम से सीओ को अवगत कराते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने पीड़ित पक्ष की शिकायत सुनने के बाद कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। इसकी गंभीरता से जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कड़ी एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
महराजगंज —उत्तर प्रदेश।








































