श्रीराम जानकी मंदिर के सुंदरीकरण का खाका तैयार,पीडब्ल्यूडी टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण

श्रीराम जानकी मंदिर के सुंदरीकरण का खाका तैयार,पीडब्ल्यूडी टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण

आई एन न्यूज सोनौली डेस्क। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित अंतरराष्ट्रीय महत्व के कस्बे सोनौली के मुख्य मार्ग पर स्थित अति प्राचीन श्री राम जानकी मंदिर के सुंदरीकरण एवं मंदिर परिसर तक सड़क निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के इंजीनियर आर.पी. जिज्ञासु अपनी टीम के साथ मंदिर परिसर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर नाप-जोख करते हुए प्रस्तावित विकास कार्यों का खाका तैयार किया।
पीडब्ल्यूडी टीम के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मनोनीत सभासद रवि वर्मा, व्यापारी नेता एवं मंदिर समिति सदस्य कृपा शंकर मद्धेशिया, व्यापारी नेता नीरज जायसवाल, प्रताप मद्धेशिया, अतुल चंद्र जायसवाल, बैजनाथ वर्मा, प्रेमनाथ सिंह सहित मंदिर समिति के अन्य सदस्य और स्थानीय व्यापारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अधिकारियों से प्रस्तावित कार्यों की जानकारी प्राप्त की और मंदिर के समग्र विकास पर चर्चा की।
इस अवसर पर रवि वर्मा ने बताया कि दो दिन पूर्व नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी सोनौली में व्यापारियों से मिलने आए थे। इस दौरान व्यापारियों ने श्री राम जानकी मंदिर, मंदिर परिसर में स्थित भगवान भोलेनाथ के मंदिर तथा गौशाला तक जाने वाले मार्ग के निर्माण एवं मंदिर के सुंदरीकरण की मांग उनके समक्ष रखी थी।
उन्होंने बताया कि विधायक ऋषि त्रिपाठी ने मांग को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही अधिकारियों की टीम भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराने और शासन को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया था। उसी क्रम में आज पीडब्ल्यूडी की टीम मंदिर पहुंची और आवश्यक माप-जोख कर विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की।
स्थानीय व्यापारियों एवं मंदिर समिति के सदस्यों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि मंदिर के सुंदरीकरण और बेहतर मार्ग निर्माण से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली की धार्मिक एवं पर्यटन पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी। जिसके लिए विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी के प्रति आभार प्रकट किया है।

महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *