विद्युत समस्या को लेकर सोनौली और नौतनवा में गरमाई सियासत,पुर्व विधायक ने साधा निशाना
विद्युत समस्या को लेकर सोनौली और नौतनवा में गरमाई सियासत,पुर्व विधायक ने साधा निशाना
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क। सोनौली और नौतनवा में विद्युत व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। वर्तमान में बिजली आपूर्ति की स्थिति पर सवाल खड़े करते हुए नौतनवा विधानसभा के पूर्व विधायक मुन्ना सिंह ने तीखा हमला बोला है।
बुधवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुन्ना सिंह ने कहा कि “जो लोग आज बिजली की समस्या को लेकर फोटो खिंचवा रहे हैं, वे सिर्फ सस्ती लोकप्रियता अर्जित करना चाहते हैं। जनता सब समझती है। जो 17 साल मंत्री और विधायक रहे, वे इस समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं कर पाए?”
श्री सिंह ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि “जब मैं विधायक था, तब संपत्तिहां में 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया गया, जिससे आज नौतनवा और आसपास के क्षेत्र में बिजली की समस्या काफी हद तक दूर हो पाई है। अगर यह उपकेंद्र नहीं बना होता, तो आज क्षेत्र में विद्युत के लिए हाहाकार मचा होता।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जंगल के पास बसे ग्रामीण आज भी भय के साये में जी रहे हैं, क्योंकि अब तक वहां जानवरो से सुरक्षा के लिए तार-बार लगाने की कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है।
पूर्व विधायक ने मौजूदा विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपनी विधायक निधि का भी हिसाब देना चाहिए।
श्री सिंह ने अंत में कहा कि जनता अब जागरूक हो चुकी है और दिखावटी राजनीति से प्रभावित नहीं होगी। अब समय आ गया है कि जनता के असली मुद्दों को प्राथमिकता दी जाए और ठोस समाधान की दिशा में काम हो।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





