बृजमनगंज: करंट की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बृजमनगंज: करंट की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
आइ.एन. न्यूज़, बृजमनगंज डेस्क
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मिश्रौलिया में बुधवार की रात एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय युवक बलजीत पुत्र राजेंद्र की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब बलजीत रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद सोने से पहले पंखा चालू करने गया। जैसे ही उसने पंखे का स्विच ऑन किया, अचानक करंट की चपेट में आ गया।
परिजन आनन-फानन में बलजीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया गया है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बलजीत अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। कुछ समय पहले ही उसके पिता राजेंद्र का निधन हुआ था। बलजीत ही अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था और उसी पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी।
बलजीत अपने पीछे पत्नी, तीन छोटी बेटियां और एक मासूम बेटे को छोड़ गया है। उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को सांत्वना देने में लगे हैं।
बलजीत की मौत ने न सिर्फ उसके परिवार को बेसहारा कर दिया, बल्कि पूरे गांव को शोकसंतप्त कर दिया है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





