अनुशासन, नैतिकता और जनसेवा के प्रति निष्ठा ही एक अच्छे पुलिसकर्मी की पहचान– एसपी महाराजगंज
अनुशासन, नैतिकता और जनसेवा के प्रति निष्ठा ही एक अच्छे पुलिसकर्मी की पहचान– एसपी महाराजगंज
पुलिस अधीक्षक महाराजगंज ने रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण कर रिक्रूट्स का किया उत्साहवर्धन
आई एन न्यूज महाराजगंज डेस्क:
पुलिस अधीक्षक महाराजगंज द्वारा आज रिजर्व पुलिस लाइन में रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर (RTC) का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणरत रिक्रूट्स का उत्साहवर्धन किया और उन्हें उचित दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। विशेष रूप से RTC में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट्स से संवाद करते हुए उन्होंने उनके प्रशिक्षण कार्यक्रमों को देखा और उनकी मेहनत व समर्पण की सराहना की। उन्होंने रिक्रूट्स को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, नैतिकता और जनसेवा के प्रति निष्ठा ही एक अच्छे पुलिसकर्मी की पहचान होती है।
उन्होंने रिक्रूट्स को प्रेरित करते हुए बताया कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि यह समाज की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था की स्थापना और आमजन की सेवा का माध्यम है। उन्होंने पुलिस सेवा से जुड़ी चुनौतियों के बारे में बताते हुए कहा कि इनसे निपटने के लिए रिक्रूट्स को मानसिक रूप से सशक्त, शारीरिक रूप से सक्षम, और तकनीकी रूप से दक्ष बनना होगा।
पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण के साथ-साथ आधुनिक पुलिसिंग के आवश्यक तौर-तरीकों को अपनाने की बात भी कही। उन्होंने रिक्रूट्स को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने और सदैव जनता के प्रति संवेदनशील बने रहने की प्रेरणा दी।
निरीक्षण के अंतिम चरण में उन्होंने सम्पूर्ण पुलिस लाइन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान पाई गई कमियों को संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि व्यवस्था और अधिक सुचारु बनाई जा सके।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





