हर घर तिरंगा” नौतनवां में तिरंगा वितरण, नगर पालिका अध्यक्ष की जनता से भावुक अपील
“हर घर तिरंगा” नौतनवां में तिरंगा वितरण, नगर पालिका अध्यक्ष की जनता से भावुक अपील
आई एन न्यूज नौतनवां डेस्क:
“हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने की दिशा में आज नौतनवां नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने नगर के सभी वार्डों में तिरंगा झंडा भेजवाने का कार्य आरंभ किया। इस कार्य में उनके सभासदों ने सक्रिय भूमिका निभाई और प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने का प्रयास किया गया।
अध्यक्ष श्री त्रिपाठी ने बताया कि यह अभियान देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करने तथा आज़ादी के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे इस महापर्व को पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाएं और 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा झंडा अवश्य फहराएं।
उन्होंने कहा, “हमारा तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि हमारी आज़ादी, अस्मिता और एकता का प्रतीक है। आइए, मिलकर इस राष्ट्रीय पर्व को गौरवशाली बनाएं और अपने घरों को तिरंगे की शान से सजाएं।”
नगर में विभिन्न स्थानों पर लोगों में तिरंगा प्राप्त करने को लेकर उत्साह देखा गया। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि यह कदम लोगों में देशभक्ति की भावना को और प्रबल करेगा।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक वार्ड में पर्याप्त संख्या में तिरंगे झंडे उपलब्ध हों ताकि कोई भी घर इस गौरवमयी अभियान से वंचित न रह जाए।
“हर घर तिरंगा, हर दिल में भारत” के संकल्प के साथ नौतनवां नगर इस बार स्वतंत्रता दिवस को विशेष रूप से यादगार बनाने की ओर अग्रसर है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





