नौतनवा: सीमा पर एसडीएम की छापेमारी में 50 बोरा यूरिया खाद बरामद, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप
नौतनवा: सीमा पर एसडीएम की छापेमारी में 50 बोरा यूरिया खाद बरामद, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा थाना क्षेत्र के सुंडी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एसडीएम नौतनवा ने अचानक एक घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में यूरिया खाद बरामद की। यह कार्रवाई सुंडी चौराहे के पास स्थित एक मकान पर की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर छिपाकर रखे गए यूरिया खाद के करीब 50 बोरे बरामद किए गए।
सूत्रों के मुताबिक, एसडीएम नौतनवा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुंडी गांव के एक घर में बड़ी मात्रा में यूरिया खाद छिपाकर रखा गया है, जिसे देर रात नेपाल भेजने की तैयारी है। सूचना की पुष्टि होते ही एसडीएम नौतनवा ने तहसीलदार के साथ मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई की। साथ ही कस्टम विभाग, एसएसबी और स्थानीय पुलिस को भी सूचना देकर बुलाया गया।
टीम के मौके पर पहुंचते ही घर की तलाशी ली गई, जहां से करीब 50 बोरा यूरिया खाद बरामद किया गया। फिलहाल बरामद किए गए खाद को जब्त कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस में खलबली मच गई है, खासकर नौतनवा पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं कि सीमा क्षेत्र में इस प्रकार की तस्करी किस तरह हो रही है।
हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक किसी भी अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासन द्वारा जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों की सख्त कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





