करंट लगने से बाप-बेटे की दर्दनाक मौत, गांव में छाया मातम
करंट लगने से बाप-बेटे की दर्दनाक मौत, गांव में छाया मातम
आई एन न्यूज ठूठीबारी डेस्क:
महराजगंज जनपद के कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुकडहर गांव में शुक्रवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह करीब 9 बजे करंट की चपेट में आकर एक ही परिवार के बाप-बेटे की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी श्रीकांत यादव (57) रोज की तरह घर के पीछे लगे मोटर पंप पर नहाने गए थे। उसी दौरान अचानक मोटर में करंट आ गया, जिससे वे उसकी चपेट में आकर अचेत हो गए। कुछ दूरी पर खड़ा उनका बेटा संतोष यादव (23) जब पिता को बेसुध देख पास पहुंचा, तो वह भी करंट की चपेट में आ गया।
घटना के बाद शोर मचने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। दो लोगों की एक साथ मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। श्रीकांत यादव की पत्नी कमलावती का रो-रो कर बुरा हाल है। वह बेसुध होकर बार-बार दहाड़ मारकर चीखती रही, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
घटना की सूचना पाकर कोतवाली ठूठीबारी से थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिली थी, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद से शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं तथा परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश.





