सोनौली बॉर्डर, पुलिस की बड़ी कार्यवाई: लाइन तोड़कर नेपाल जा रही 5 ट्रक सीज, ट्रांसपोर्टरों में मचा हड़कंप
सोनौली बॉर्डर पर पुलिस की बड़ी कार्यवाई: लाइन तोड़कर नेपाल जा रही 5 ट्रक सीज, ट्रांसपोर्टरों में मचा हड़कंप
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर पर पुलिस द्वारा की गई कड़ी कार्रवाई से ट्रांसपोर्टरों, एजेंटों और वाहन मालिकों में हड़कंप मच गया है। सीमा पर मालवाहक ट्रकों की लंबी कतार को दरकिनार कर नेपाल में जबरन प्रवेश करने की कोशिश कर रही पांच ट्रकों को पुलिस ने जब्त कर लिया है, जबकि अन्य कई ट्रकों से मौके पर ही ₹35,500 नगद सम्मन शुल्क वसूला गया।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से बॉर्डर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि इन दिनों नेपाल में विभिन्न देशों से भारी मात्रा में सामान पहुंच रहा है, जिससे सोनौली बॉर्डर पर मालवाहक ट्रकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। ट्रकों की कतार लगभग 15 किलोमीटर तक लंबी हो गई है, जिससे समय पर नेपाल पहुंचने की होड़ में कई ट्रांसपोर्टर और एजेंट नियमों को ताक पर रखकर गाड़ियों को लाइन से निकालकर आगे भेजने का प्रयास कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, कुछ चालक और एजेंट तो लाइन तोड़कर नेपाल में प्रवेश के लिए मोटी रकम तक देने को तैयार रहते हैं। ऐसे ही प्रयास कर रहे पांच ट्रकों को पुलिस ने सीज कर लिया। इस कार्रवाई के बाद वाहन चालकों, ट्रक मालिकों और एजेंटों में खलबली मच गई है।
इस विषय में सोनौली थाना अध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा,
“किसी भी कीमत पर नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी ट्रक लाइन तोड़कर नेपाल जाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





