सोनौली में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया गंभीर आरोप
सोनौली में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया गंभीर आरोप
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
सोनौली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सोनौली के वार्ड नंबर 12 घनश्याम नगर में एक 32 वर्षीय विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान कमलावती (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रमेश अग्रहरि की पत्नी थीं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। महिला की मौत के बाद उसके मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रमेश अग्रहरि (35 वर्ष), पुत्र श्याम लाल अग्रहरि, निवासी वार्ड 12, सोनौली नगर पंचायत ने करीब 17 वर्ष पहले नेपाल निवासी कमलावती से प्रेम विवाह किया था। दोनों पति-पत्नी के रूप में लंबे समय से साथ रह रहे थे और उनके दो बच्चे भी हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 15 और 12 वर्ष बताई जा रही है।
मृतका के पति रमेश का कहना है कि बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे कमलावती को अचानक पेट में तेज़ दर्द हुआ। वे लोग उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रमेश का दावा है कि मौत की सूचना उन्होंने सबसे पहले मृतका के मायके वालों को दी।
वहीं दूसरी ओर, मृतका के पिता विनोद पांडे ने बेटी की मौत को पूरी तरह संदिग्ध बताया है। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष बिना पोस्टमार्टम के शव का अंतिम संस्कार करना चाहता था और पूरे मामले को छिपाने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि मामला सामान्य नहीं है। उन्होंने सोनौली पुलिस से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही सोनौली थाना अध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव का निरीक्षण कर उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना अध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूरा मामला संदिग्ध बना हुआ है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।





