गाजियाबाद से काठमांडू घूमने गए दंपति को मौत ने कर दिया हमेशा के लिए जुदा
गाजियाबाद से काठमांडू घूमने गए दंपति को मौत ने कर दिया हमेशा के लिए जुदा
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क;
गाजियाबाद से घूमने के इरादे से नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंचे एक दंपति की खुशियों का सफर अचानक दर्दनाक त्रासदी में बदल गया। नेपाल में चल रहे GEN-Z आंदोलन के दौरान हिंसक प्रदर्शनों ने विकराल रूप ले लिया है, जिसकी चपेट में एक होटल भी आ गया। इसी होटल में ठहरे थे गाजियाबाद निवासी दंपति।
प्रदर्शनकारियों द्वारा की गई आगजनी में होटल में भीषण आग लग गई। अफरा-तफरी के बीच पति किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल आया, लेकिन पत्नी आग में बुरी तरह झुलस गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पति ने किसी तरह शव को कब्जे में लिया और नेपाल प्रशासन से औपचारिकताएं पूरी कर, पत्नी का शव लेकर भारत-नेपाल सीमा पर स्थित इंडो-नेपाल बॉर्डर पहुंचा। वहां से एंबुलेंस के जरिए वह अपनी पत्नी का शव लेकर गाजियाबाद के लिए रवाना हुआ।
घटना के बाद से परिजन गहरे सदमे में हैं। मृतका की पहचान गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दंपति की शादी को 4 साल हुए थे और वे पहली बार नेपाल यात्रा पर गए थे।
नेपाल में GEN-Z आंदोलन से युवाओं द्वारा सरकारी नीतियों और बेरोजगारी के खिलाफ किए जा रहे इस आंदोलन में कई स्थानों पर हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इस घटना ने नेपाल में घूमने गए पर्यटकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। नेपाली प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतका के परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।





