प्रतिबंधित चाकुओं की बिक्री पर अमेजन इंडिया को नोटिस, अधिवक्ता विनय पांडे ने की शिकायत
प्रतिबंधित चाकुओं की बिक्री पर अमेजन इंडिया को नोटिस, अधिवक्ता विनय पांडे की शिकायत पर साइबर सेल की कार्रवाई
आर्म्स एक्ट 1959 के उल्लंघन का आरोप, 94 BNSS के तहत भेजा गया नोटिस, जवाब न मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई।
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क :
जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता विनय कुमार पांडे द्वारा ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन इंडिया के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत के बाद मामला गरमा गया है। अधिवक्ता पांडे ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि अमेजन इंडिया के प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंधित धारदार चाकुओं की खुलेआम बिक्री की जा रही है, जो भारत सरकार के आर्म्स एक्ट 1959 की धारा 2 और 20 का स्पष्ट उल्लंघन है।
विनय कुमार पांडे ने कहा कि आर्म्स एक्ट के अंतर्गत ऐसे हथियारों की बिक्री, व्यापार या वितरण के लिए लाइसेंस अनिवार्य है, और बिना लाइसेंस के ऐसा करना गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि अमेजन इंडिया जैसे बड़े प्लेटफॉर्म से यदि प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री होगी, तो यह कानून व्यवस्था और समाज की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल पुलिस ने अमेजन इंडिया को 94 BNSS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा के तहत नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिवक्ता विनय कुमार पांडे को जिले में उनके सामाजिक और विधिक हस्तक्षेपों के लिए जाना जाता है। वे समय-समय पर जनहित से जुड़े मामलों में न्यायिक कार्रवाई करते रहे हैं। चाहे वह फिल्मों में आपत्तिजनक कंटेंट का मामला हो या फिर किसी राजनीतिक व्यक्ति द्वारा की गई अनुचित टिप्पणी—विनय पांडे ने कई बार न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाया है।
इस ताज़ा कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है, वहीं आमजन में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी की व्यवस्था पर्याप्त है? जिला प्रशासन और पुलिस की नजर अब अमेजन इंडिया के जवाब पर टिकी है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





