सोनौली नगर पंचायत में स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर सोनौली नगर पंचायत में स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
आदर्श नगर पंचायत सोनौली में आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर पंचायत प्रशासन की ओर से विभिन्न सामाजिक और स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जयंती समारोह के साथ-साथ स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, विद्यालयों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर डोर टू डोर कूड़ा पृथक्करण अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के माध्यम से नागरिकों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के बारे में जानकारी दी गई और सभी को स्वच्छता में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक और जादू शो का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से लोगों को मनोरंजक अंदाज में स्वच्छता का महत्व समझाया गया। जादू के जरिये यह बताया गया कि हर नागरिक यदि अपने स्तर पर कचरे का सही निस्तारण करे तो नगर को साफ-सुथरा और स्वस्थ रखा जा सकता है।
इस अवसर पर नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छता की शपथ ली और नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाए रखने का संकल्प लिया।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।








































