नौतनवा में खिचड़ी परोस कर चेयरमैन ने दी सामाजिक समरसता का संदेश

नौतनवा में खिचड़ी परोस कर चेयरमैन ने दी सामाजिक समरसता का संदेश
आई एन न्यूज नौतनवां डेस्क:
नव वर्ष के प्रथम उल्लास और मकर संक्रांति के पावन पर्व के अवसर पर नौतनवा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में नगर में सामाजिक समरसता को सशक्त करने वाला एक भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर के ऐतिहासिक स्मृति स्थल गांधी चौक एवं अटल चौक पर विशाल खिचड़ी सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमुदाय ने एक स्वर में “जय श्री राम” के उदघोष के साथ परंपरागत खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ते हुए आपसी भाईचारे और समरसता का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि हमें सनातन धर्म के खोए हुए गौरव को पुनः प्राप्त करना है, तो जातिगत भेदभाव, ऊँच-नीच, असमानता और छुआछूत जैसी कुरीतियों को त्यागना होगा। उन्होंने कहा कि समरसता सहभोज और सामाजिक सम्मेलनों का आयोजन गाँव-गाँव और नगर-नगर में किया जाना चाहिए, जिससे समाज में एकता और सद्भाव मजबूत हो।
सामाजिक समरसता सहभोज कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज के साथ सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अनिल मद्धेशिया, सुरेंद्र बहादुर जायसवाल, संजय पाठक, अनिल जायसवाल, जयप्रकाश मद्धेशिया, अशोक रौनियार, राहुल दूबे, राकेश जायसवाल सहित राजकुमार गौड़, प्रमोद पाठक, अभय जायसवाल, मल्लहर यादव, मनीष शुक्ला सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।





