नौतनवा में बाबा साहेब की 135वीं जयंती पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन


नौतनवा में बाबा साहेब की 135वीं जयंती पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा नगर पालिका परिषद के वार्ड नं० 12 सिद्धार्थ नगर (छपवां तिराहा) स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की प्रतिमा पर उनकी 135वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ऋषि त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके विचारों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर का जीवन सामाजिक समानता और न्याय के लिए समर्पित रहा, जिसे अपनाकर समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने विधायक का स्वागत किया तथा स्वयं भी बाबा साहेब को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाकर ही समाज में समरसता और विकास संभव है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख नौतनवा राकेश मद्धेशिया, राहुल दुबे, अनिल मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन बाबा साहेब के विचारों के स्मरण और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।.








































