नौतनवा के जर्जर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जगह बनेगा आधुनिक अस्पताल, डीएम ने किया निरीक्षण

नौतनवा के जर्जर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जगह बनेगा आधुनिक अस्पताल, डीएम ने किया निरीक्षण

आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा कस्बे में स्थित अति प्राचीन न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को जल्द ही आधुनिक स्वरूप मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। जिलाधिकारी महाराजगंज गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) एवं उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नौतनवा के साथ अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि अस्पताल भवन के साथ-साथ चिकित्सकों के आवासीय भवन भी पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं और अब उपयोग के योग्य नहीं हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जर्जर भवनों का ध्वस्तीकरण कराकर नए मॉडल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। नए अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्रवासियों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक अस्पताल बनने से नौतनवा सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। यह स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी नौतनवा, पुलिस क्षेत्र अधिकारी नौतनवा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *