सोनौली: श्यामकाट बगीचे में गरजा अखाड़ा, सोनू साहू ने कराया विराट कुश्ती दंगल
सोनौली: श्यामकाट बगीचे में गरजा अखाड़ा, सोनू साहू ने कराया विराट कुश्ती दंगल
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: विजयादशमी के पावन अवसर पर क्षेत्र की लुप्त होती कुश्ती परम्परा को जीवित रखने और युवा पहलवानों को प्रोत्साहित करने के लिए आज युवा समाजसेवी सोनू साहू द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। सोनौली नगर पंचायत के श्यामकाट बगीचे में आज विराट कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन किया गया।
दंगल में क्षेत्र के नामी पहलवानों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से आए पहलवानों ने भी अपने दांव-पेंच और करतब का जमकर प्रदर्शन किया। अखाड़े में दो दर्जन से अधिक पहलवान उतरे। अखाड़े में पहलवान एक दूसरे को पटकनी देते और धूल चटाते नजर आए। पहलवानों के हर दांव पर दर्शकों की तालियों से पूरा बगीचा गूंज उठा।
आयोजक युवा समाजसेवी सोनू साहू ने दो पहलवानों का हाथ मिलवाकर और फीता काटकर दंगल का शुभारंभ किया। दंगल दोपहर बाद से शुरू होकर शाम करीब 5 बजे तक घमासान चलता रहा। इस दौरान हजारों की संख्या में दंगल प्रेमी अखाड़े को घेर कर खड़े रहे और लगातार पहलवानों का उत्साहवर्धन करते रहे।
आयोजकों द्वारा विजयी पहलवानों को पुरस्कृत भी किया गया। दंगल में प्रथम पुरस्कार जीतने वाले पहलवान को आकर्षक रेंजर साइकिल पुरस्कार स्वरूप दी गई, वहीं अन्य विजयी पहलवानों को नगद राशि और प्रोत्साहन स्वरूप विभिन्न प्रकार के गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आयोजक सोनू साहू ने कहा कि विजयादशमी अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक है और कुश्ती हमारे देश की मिट्टी से जुड़ा खेल है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे नशे से दूर रहेंगे। महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।.


