नौतनवा में 1200 मीटर दौड़ में सूरज यादव का जलवा: विधायक से मिला साइकिल व नकद इनाम
नौतनवा में 1200 मीटर दौड़ में सूरज यादव का जलवा: विधायक से मिला साइकिल व नकद इनाम
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क।
2अक्टूबर गांधी जयंती के शुभ अवसर पर नौतनवा विकासखंड क्षेत्र के ग्राम सभा अहिरौली स्थित परसौनी चौराहे पर एक भव्य दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस खेलकूद प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी उपस्थित रहे। उन्होंने दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाई।
1200 मीटर की इस प्रतिस्पर्धात्मक दौड़ में तीन दर्जन से अधिक स्थानीय युवाओं ने अपना दमखम दिखाया। कड़े मुकाबले के बीच सूरज यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं शैलेश यादव (द्वितीय) और राहुल तीसरे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता के समापन पर विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी ने विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सूरज यादव को पुरस्कार स्वरूप एक साइकिल तथा नकद धनराशि प्रदान की, जबकि द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा, “क्षेत्र के चौमुखी विकास के साथ-साथ युवाओं का खेलकूद में आगे आना बेहद जरूरी है। युवाओं को खेल प्रतियोगिताओं में बढ़कर हिस्सा लेकर न केवल अपना स्वास्थ्य बेहतर बनाना चाहिए, बल्कि अपने क्षेत्र का नाम भी रोशन करना चाहिए।”
कार्यक्रम के अंत में आयोजक समिति ने मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक जी ने अपना बहुमूल्य समय देकर ग्रामीण युवाओं का मान और उत्साह बढ़ाया है।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में आयोजक समिति के रिंकू पांडे, प्रवेश शाह, संत राज यादव, सलाहुद्दीन और सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी की मुख्य भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।




