एक्शन मोड में सोनौली के नए थानाध्यक्ष: जाम, तस्करी और कटिंग पर चलेगा पुलिस का डंडा!

एक्शन मोड में सोनौली के नए थानाध्यक्ष : जाम, तस्करी और कटिंग पर चलेगा पुलिस का डंडा!
आई एन न्यूज ​सोनौली डेस्क:
​भारत-नेपाल सीमा के अंतरराष्ट्रीय महत्व के प्रमुख कस्बे सोनौली में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने और स्थानीय मुद्दों के निस्तारण के लिए थाना प्रभारी विशाल शुक्ला ने पत्रकारों के साथ संवाद किया। कोतवाली परिसर में आयोजित इस परिचय बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने क्षेत्र की सुरक्षा, यातायात और अवैध गतिविधियों को लेकर पुलिस का रुख साफ किया।
​बैठक के दौरान पत्रकारों ने सोनौली कस्बे में मालवाहक ट्रकों के कारण लगने वाले भीषण जाम, अवैध खनन, तस्करी और ट्रकों को लाइन तोड़कर बाहर निकलने का (कटिंग) जैसे प्रमुख मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
​पत्रकारों से वार्ता करते हुए थाना प्रभारी विशाल शुक्ला ने तीखे तेवर में कहा, “सोनौली की प्रमुख समस्या ट्रकों की कटिंग का अवैध खेल और यातायात का जाम है। इन दोनों गतिविधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाना ही मेरी पहली प्राथमिकता होगी। यदि कहीं भी अवैध कार्य, तस्करी या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।”
​​आम जनमानस के बीच पुलिस की सुलभता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जनता की सेवा के लिए पुलिस चौबीसों घंटे तत्पर है। कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर किसी भी समय उनसे मिल सकता है या फोन पर सीधे संपर्क कर सकता है। सूचना देने वाले का सहयोग सराहनीय रहेगा और उस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
​​दशहरा और दीपावली जैसे आगामी महत्वपूर्ण त्योहारों को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। उन्होंने अपील की कि त्योहारों को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मीडिया और आम जनता का सहयोग बेहद आवश्यक है। सीमा पर अवांछित तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है और पुलिस बल हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *