बारावफात को लेकर महराजगंज में कितनी बड़ी तैयारी है? आंकड़े देखकर आप भी चौंक जाएंगे!”
बारावफात को लेकर महराजगंज में कितनी बड़ी तैयारी है? आंकड़े देखकर आप भी चौंक जाएंगे!”
महराजगंज में पुलिस-प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क:
बारावफात के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद महराजगंज जिले में भी पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले में त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल के साथ जिले के संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों ने आमजन से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों में लगातार पैदल गस्त भी की जा रही है।
सीमावर्ती क्षेत्र के नौतनवा में भी उपजिलाधिकारी कुणाल और पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोगों से बारावफात का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि बारावफात को लेकर जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिले में करीब 440 पारंपरिक जुलूस आयोजित होने हैं। इन जुलूसों की सुरक्षा के लिए 10 निरीक्षक, 23 उपनिरीक्षक, 70 मुख्य आरक्षी, 21 महिला पुलिसकर्मी, दो प्लाटून पीएसी और पांच फायर टेंडर तैनात किए जाएंगे।
एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक नारेबाजी, टिप्पणी, सोशल मीडिया पर अफवाह अथवा भ्रामक सूचना का प्रसार और महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी सूचना को बिना पुष्टि के आगे न बढ़ाएं।
पुलिस-प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। फ्लैग मार्च और फुट पेट्रोलिंग के जरिए लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के साथ ही असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखी जा रही है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।








































