कार्तिक पूर्णिमा: नौतनवा दो मुहान घाट पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
कार्तिक पूर्णिमा: नौतनवा दो मुहान घाट पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

इंडो नेपाल न्यूज़ नौतनवा डेस्क:
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सोमवार को नौतनवा के दो मुहान घाट स्थित डंडा नदी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तजनों ने डुबकी लगाकर गंगा स्नान किया। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा घाट परिसर गूंज उठा।
बता दें कि कार्तिक पूर्णिमा हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है। इस दिन गंगा स्नान, दान और दीपदान का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी में स्नान करने से पुण्य मिलता है और सभी पापों से मुक्ति मिलती है।
इसी क्रम में आज डंडा नदी के तमाम तटों पर लोगों ने स्नान कर पुण्य के भागीदार बने। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया, मंदिरों में पूजा-अर्चना की और गरीबों को अन्न, वस्त्र व दक्षिणा का दान किया।
घाट पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने परिवार सहित पहुंचकर स्नान किया। स्नान के बाद लोगों ने दीपदान भी किया, जिससे नदी का तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया। घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।
कुल मिलाकर कार्तिक पूर्णिमा का पर्व नौतनवा में पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।




