नौतनवा में ड्रग्स नेटवर्क पर चला प्रशासन का चाबुक! 4 मेडिकल स्टोर पर पुलिस का छापा
नौतनवा में ड्रग्स नेटवर्क पर चला प्रशासन का चाबुक! 4 मेडिकल स्टोर पर पुलिस का छापा
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में तेजी से पांव पसार रहे नशीली दवाओं और ड्रग्स के अवैध काले कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार देर शाम ड्रग्स इंस्पेक्टर और पुलिस की संयुक्त टीम ने नौतनवा कस्बे में अचानक धावा बोलते हुए चार मेडिकल स्टोरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध दवा माफियाओं और संदिग्ध मेडिकल संचालकों के होश उड़ गए हैं।
बॉर्डर का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर की जा रही नशीली गोलियों, सिरप और इंजेक्शनों की तस्करी की सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए यह एक्शन लिया गया है। मंगलवार शाम पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) नौतनवा बसंत सिंह और महराजगंज के ड्रग्स इंस्पेक्टर की अगुवाई में पुलिस बल के साथ नौतनवा कस्बे के चार मेडिकल स्टोरों को अचानक घेर लिया गया।
टीम ने मेडिकल स्टोरों में मौजूद दवाओं के स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, नारकोटिक श्रेणी की दवाओं के रिकॉर्ड और दुकानों के वैध लाइसेंस की सघनता से जांच की। जांच के दौरान कुछ दवाओं के सैंपल सील कर जांच प्रयोगशाला भेजने के लिए कब्जे में लिए गए हैं। छापेमारी की खबर आग की तरह फैलते ही कस्बे के कई अन्य दवा विक्रेता दुकानें बंद कर खिसकते नजर आए।
ड्रग्स इंस्पेक्टर ने साफ लहजे में कहा, ” शासन के सख्त निर्देश पर पूरे जिले में अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज नौतनवा के चार मेडिकल स्टोरों की बारीकी से जांच की गई है। लिए गए दवा सैंपलों को लैब भेजा जा रहा है। अगर जांच में जरा सी भी अनियमितता या अवैध दवा की बिक्री पाई गई, तो संबंधित मेडिकल स्टोर का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर संचालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस और ड्रग्स विभाग की इस संयुक्त छापेमारी से इलाके के ड्रग्स कारोबारियों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।








































