महराजगंज: ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ के नारों के साथ सपा का प्रदर्शन, बवाल
महराजगंज: ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ के नारों के साथ सपा का प्रदर्शन, बवाल देखें सपा के प्रदर्शन की तस्वीरें।
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया पर जारी राष्ट्रीय विवाद के बीच गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने महराजगंज जिला मुख्यालय पर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और उनके इस्तीफे की मांग की।
विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय की अगुवाई और सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव के संयोजन में यह पैदल मार्च सपा कार्यालय से शुरू हुआ। मार्च सबसे पहले जिला परिषद मार्केट स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा और आंबेडकर पार्क पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों को नमन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाया और संविधान के अनुच्छेद 326 (वयस्क मताधिकार) का वाचन कर मताधिकार की सुरक्षा का संकल्प लिया।
सपा कार्यकर्ताओं का जत्था नारेबाजी करते हुए सक्सेना चौक पहुंचा, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया। इस दौरान सदर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में तैनात पुलिस टीम ने पुतला दहन रोकने की काफी कोशिश की, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’, ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ और ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारे लगाए। पुलिसिया कार्रवाई का विरोध कर रहे छात्र सभा के जिलाध्यक्ष कुंवर यज्ञदत्त और अन्य कार्यकर्ताओं को शांत कराते हुए पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय ने लोकतांत्रिक मर्यादा में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने की अपील की।
सक्सेना चौक के बाद प्रदर्शनकारी पैदल मार्च करते हुए मऊपाकड़ पहुंचे, जहां सभा के साथ प्रदर्शन का समापन हुआ।
राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी दलों द्वारा चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर लगातार हमला बोला जा रहा है। हालांकि निर्वाचन आयोग और सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते रहे हैं, लेकिन विपक्ष ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशव्यापी प्रदर्शन कर रहा है। महराजगंज में हुआ यह विरोध प्रदर्शन इसी राष्ट्रव्यापी रणनीति का हिस्सा है। महाराजगंज उत्तर प्रदेश .








































