अपनी ही सरकार की पुलिस पर भड़के BJP नेता! थानों में शिकायतकर्ताओं को नहीं मिल रही प्राप्ति रसीद
अपनी ही सरकार की पुलिस पर भड़के BJP नेता! थानों में शिकायतकर्ताओं को नहीं मिल रही प्राप्ति रसीद
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र जायसवाल ने शनिवार को नौतनवा स्थित अपने कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग से जन सूचना अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई जानकारी में विभाग ने आधिकारिक रूप से स्वीकार किया है कि थानों में आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता को शिकायत प्राप्ति की रसीद दी जाती है, जबकि धरातल पर सच्चाई इसके बिल्कुल उलट है। थानों पर पहुंचने वाले किसी भी आम नागरिक या शिकायतकर्ता को कोई प्राप्ति रसीद नहीं सौंपी जा रही है।
भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने पुलिस कप्तान (एसपी) से चार प्रमुख बिंदुओं पर सूचना मांगी थी। RTI से मिले इस जवाब को सार्वजनिक करते हुए उन्होंने पुलिस महकमे के दावों और जमीनी हकीकत के अंतर को उजागर किया।
सुनिए भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल की जुबानी:
”हमने जन सूचना अधिकार के तहत जिले के पुलिस कप्तान से चार प्रमुख बिंदुओं पर स्पष्ट जानकारी मांगी थी। पुलिस विभाग की ओर से जो लिखित जवाब हमें प्राप्त हुआ है, उसमें साफ तौर पर स्वीकार किया गया है कि थाने में शिकायत लेकर आने वाले हर पीड़ित को शिकायत दर्ज होने या आवेदन जमा करने की प्राप्ति रसीद (पावती) दी जाती है।”
”लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि नौतनवा समेत जिले के किसी भी थाने में गरीब और असहाय शिकायतकर्ताओं को कोई रसीद नहीं दी जा रही है। लोग थानों के चक्कर लगाते रहते हैं, लेकिन उनके पास इस बात का कोई लिखित प्रमाण नहीं होता कि उन्होंने अपनी समस्या पुलिस को दी है। जब कागजों में पुलिस रसीद देने की बात मान रही है, तो धरातल पर यह नियम लागू क्यों नहीं हो रहा? यह आम जनता के साथ सीधा खिलवाड़ है।”
”हमारी मांग है कि उच्चाधिकारी इस मामले का तत्काल संज्ञान लें और सभी थानों में RTI के नियमों और विभागीय आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं, ताकि पीड़ितों को उनका हक और न्याय मिल सके।” महाराजगंज– उत्तर प्रदेश.








































