नेपाली पर्यटक की बाइक को टूरिस्ट बस ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे सवार
नेपाली पर्यटक की बाइक को टूरिस्ट बस ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे सवार
आई एन न्यूज नौतनवां डेस्क:
गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर नौतनवा कस्बे के छपवा तिराहा के पास सोमवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नेपाल से भारत की लंबी बाइक यात्रा पर निकले एक नेपाली नागरिक की मोटरसाइकिल को पीछे से आ रही एक टूरिस्ट बस ने जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित युवक सूरज शाह पड़ोसी देश नेपाल के आंचल नारायणी, जिला परसा (बीरगंज) के निवासी हैं। सूरज ने पुलिस को बताया कि वह अपनी नेपाली नंबर की मोटरसाइकिल से नेपाल की राजधानी काठमांडू से भारत के हिमाचल प्रदेश तक की रोमांचक बाइक यात्रा पर निकले हैं।
सोमवार की शाम करीब 5:15 बजे सूरज शाह अपनी बाइक से नौतनवा हाईवे पर स्थित छपवा तिराहा के पास पहुंचने ही वाले थे। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक टूरिस्ट बस ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
इस अचानक हुई दुर्घटना में सूरज शाह की जान तो बाल-बाल बच गई और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई, किन्तु टक्कर के कारण उनकी मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस स्टेशन पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नौतनवा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। नौतनवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि सूरज शाह की लिखित तहरीर के आधार पर अज्ञात बस चालक के विरुद्ध लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने और संपत्ति (बाइक) को नुकसान पहुंचाने की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


