शहीद पूरन थापा के नाम जला एक दीया! छपवा शहीद स्मारक पर बृजेश मणि ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

शहीद पूरन थापा के नाम जला एक दीया! छपवा शहीद स्मारक पर बृजेश मणि ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क। दीपावली के पावन पर्व पर जहां पूरा देश रोशनी और खुशियों के साथ त्योहार मना रहा था, वहीं नगर के छपवा स्थित शहीद स्मारक पर देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को याद करते हुए भावुक और गौरवमयी कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा भारती नौतनवा के तत्वावधान में आयोजित एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर शहीद पूरन थापा को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नौतनवा नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवा भारती के जिलाध्यक्ष किशोर मद्धेशिया और पूर्णकालिक कार्यकर्ता संदीप सिंह ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण उस समय देखने को मिला, जब शहीद पूरन थापा के परिवार से उनके भाई श्याम थापा, भतीजी संस्कृति थापा और भतीजे अंश थापा कार्यक्रम में शामिल हुए। शहीद के परिजनों की मौजूदगी ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और सभी ने वीर सपूत के बलिदान को नमन किया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि आज हम सभी अपने घरों में सुरक्षित रहकर दीपावली मना रहे हैं, तो इसके पीछे देश के वीर जवानों का सर्वोच्च बलिदान है। कारगिल की दुर्गम पहाड़ियों पर मां भारती की रक्षा करते हुए शहीद पूरन थापा ने जो कुर्बानी दी, उसे नौतनवा नगर और देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि शहीद का परिवार पूरे नौतनवा का परिवार है। ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम के माध्यम से नगरवासी अपने वीर सपूत के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं। साथ ही यह आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने का सशक्त माध्यम है।
विशिष्ट अतिथि संदीप सिंह ने कहा कि शहीद किसी एक परिवार के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की धरोहर होते हैं। देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों की गाथाएं हमेशा युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, शहीद परिवार के सदस्यों और नगरवासियों ने शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलित कर वीर शहीद पूरन थापा को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संजय प्रधान छपवा, दीपक मद्धेशिया, नटखट जायसवाल, अनीश सिंह, रितेश मणि त्रिपाठी एडवोकेट, संतराम छपवा सहित सेवा भारती के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *