व्हाट्सएप स्टेटस ने बचा ली जान! निचलौल थाने में हेड मुहर्रिर ने खाया जहर, थानेदार सहित 7 पर लगाया आरोप
व्हाट्सएप स्टेटस ने बचा ली जान! निचलौल थाने में हेड मुहर्रिर ने खाया जहर, थानेदार सहित 7 पर लगाया आरोप
आई एन न्यूज निचलौल डेस्क:
निचलौल थाने में दीपावली की रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। थाने में तैनात हेड मुहर्रिर ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
बताया जा रहा है कि दीपावली की रात पटाखों को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। इसी विवाद के बाद हेड मुहर्रिर ने सात लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एक सुसाइड नोट लिखा और उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिया।
आरोपियों में थानेदार, एक जनप्रतिनिधि और पांच पुलिसकर्मी शामिल बताए जा रहे हैं।
साथी पुलिसकर्मियों ने जैसे ही व्हाट्सएप स्टेटस देखा, तुरंत हरकत में आ गए और हेड मुहर्रिर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।
घटना की जानकारी मिलते ही उच्च अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर सभी आरोपों की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ भी आधिकारिक बोलने से बच रही है।
महाराजगंज – उत्तर प्रदेश।.


