ताजनगरी आगरा में बदमाशों ने सरेआम लेखपाल को मारी गोली,मौत

आई एन न्यूज ब्यूरो आगरा: ताजनगरी आगरा में उस समय हड़कंप मच गया जब बाइक सवार बदमाशों ने लेखपाल व उसके साथ को गोलियों से भून दिया। वहीं इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। सूचना पर थाना मलपुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल लेखपाल और उसके साथी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां लेखपाल की मौत हो गई। जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक गांव नगला कारे निवासी रमेश खेरागढ़ में लेखपाल हैं। गुरूवार शाम साढे 7 बजे वे अपने साथी खचेर सिंह के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। वे बाइक से न्यू दक्षिणी बाईपास मनकेड़ा पुल के नीचे पहुंचे, तभी काली पल्सर सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। लेखपाल जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक करके बदमाशों ने लेखपाल पर 3 फायर किए। 2 गोली लेखपाल रमेश के लगीं, जिसमें एक गोली उनके पीठ में और दूसरी गोली उनके मुंह में लगी। वहीं लेखपाल के दोस्त के हाथ में भी एक गोली लगी है।
बदमाश बाइक छोड़कर हुए फरार
गोलियों की तड़तड़ाहट की आवाज सुनकर घटनास्थल की ओर राहगीर दौड़ पड़े। लोगों की भीड़ को आता देख, बदमाशों के हाथ पांव फूल गए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बदमाशों की बाइक स्टार्ट नहीं हुई, जिसके चलते बदमाश बाइक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
लेखपाल की मौत साथी गंभीर रूप से घायल
वहीं घटना की सूचना मिलते ही थाना मलपुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेज दिया। जहां उपचार के दौरान लेखपाल रमेश की मौत हो गई, जबकि खचेर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
लेखपाल की किसी से कोई रंजिश नहीं- साथी
वहीं घायल खचेर सिंह का कहना है कि उन्हें अज्ञात बदमाशों ने गोली मारी है। लेखपाल की किसी से कोई रंजिश नहीं है। बदमाशों ने हमें रोक कर रास्ता पूछा। हम रास्ता बता ही रहे थे कि इतनी देर में उन्होंने गोली मार दी।
क्या कहना है आगरा जिलाधिकारी का?
वहीं आगरा के जिलाधिकारी ने बताया कि रमेश हमारे खेरागढ़ तहसील में लेखपाल तैनात थे। जिसकी कुछ बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। खैर अभी ये पता नही चल पाया है कि कौन लोग थे और क्यों गोली मारी है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। जल्द ही आरोपियों का पकड़ लिया जाएगा।








































