पाक-चीन बॉर्डर पर सख्त होगा पहरा,आसमान से नजर रखेगी ITBP

आई एन न्यूज नेशनल डेस्क: डोकलाम विवाद से सबक लेते हुए अब भारत इंडो-तिब्बतन बोर्डर पुलिस (ITBP) बॉर्डर वाले इलाके में जल्द ही एक एयर विंग स्थापित करने जा रहा है। यह विंग सीमाई इलाकों में पीएलए के किसी नए सैन्य दस्ते को आगे बढ़ने और उनकी निर्माण गतिविधियों को समय रहते हुए रोक सकेगी। 3,488 किलोमीटर लंबी चीन से सटी सीमाओं की सुरक्षा के लिहाज से यह महत्वपूर्ण कदम है।

सीमा पर पुख्ता होगी चौकसी
हिमालय से 16,000-18,000 फीट की उंचाई से आईटीबीपी सीमा सुरक्षा की चौकसी भी करेगी। आईटीबीपी के डायरेक्टर जनरल आरके पचनंदा ने बताया कि इन हेलिकॉप्टरों के बेस स्टेशन चंडीगढ़ और बोरझार (गुवाहाटी) में स्थित होंगे। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चीन और सिक्किम समेत नॉर्थ ईस्ट रीजन में आईटीबीपी इस चौकसी का हिस्सा होगा। 
सेना को मिलेगी मदद
सूत्रों के अनुसार कम लीज दरों पर हेलिकॉप्टर खरीदने के लिए प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है। इन हेलिकॉप्टर में कई ऐसे फीचर्स होंगे, जिसके कारण इनका प्रयोग कई कामों में किया जा सकेगा। सेना के ऑपरेशन के साथ बहुत अधिक ऊंचाई तक उड़ सकने की क्षमता के कारण हेलिकॉप्टर तेजी से लोकेशन तक पहुंचने में सक्षम है। ट्विन इंजन हेलिकॉप्टर एक बार में 8-10 जवानों के साथ उड़ान भर सकता है। सेना ऑपरेशन के दौरान इसमें बंदूक, हथियार और बारूद को भी ले जाया जा सकेगा। रात में उड़ान भर सकने में सक्षम होने के साथ ये हेलिकॉप्टर राशन ड्रॉप करने के लिए भी उपयुक्त हैं।
क्या है ITBP?
बता दें कि भारत-चीन संघर्ष के बाद देश की उत्तरी सीमाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए 24 अक्टूबर 1962 को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) का गठन किया गया था। भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (Indo-Tibetan Border Police) भारतीय अर्ध-सैनिक बल है। इसकी शुरुआत केवल चार बटालियन के एक छोटे से ग्रुप के रूप में हुई जो अब 45 सेवा बटालियनों और चार स्पेशल बटालियनों का रुप ले चुकी है। (एजेंसी)





