बजटपर बोले राहुल–17 रु० रोज देना किसानो का अपमान।
अमित शाह ने बजट को सराहा –मार्च से पहले हम किसानों के बैंक खातों में 2 हजार रुपये की किस्त डालगें।
आई एन न्यूज टीम नई दिल्ली।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अंतरिम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल ने किसानों को दी जाने वाली 6 हजार रुपये सालाना की आर्थिक मदद पर ट्वीट करते हुए कहा कि 5 साल की अक्षमता और अहंकार से किसान पूरी तरह बर्बाद हो चुके हैं। अब उनको प्रतिदिन 17 रुपये देना उनके द्वारा की गई मेहनत और उनकी हर मांग का अपमान है।
राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘प्रिय नरेंद्र मोदी जी, आपकी पांच वर्षों की अक्षमता और अहंकार ने हमारे किसानों के जीवन को बर्बाद कर दिया। उनको प्रतिदिन 17 रुपये देना हर उस चीज का अपमान है जिसके लिए किसान खड़े हैं और काम कर रहे हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने भी बजट की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अंतरिम वित्त मंत्री ने इतना लंबा अतंरिम बजट पेश कर लोगों के धैर्य की परीक्षा ली है। यह मेरी याद में अब तक का सबसे लंबा अंतरिम बजट है। उन्होंने कहा कि यह अंतरिम बजट नहीं बल्कि चुनाव प्रचार का भाषण था।
Dear NoMo,
5 years of your incompetence and arrogance has destroyed the lives of our farmers.
Giving them Rs. 17 a day is an insult to everything they stand and work for. #AakhriJumlaBudget
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 1, 2019
किसानों की दी जाने वाली आर्थिक मदद के ऐलान पर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने सरकार की पीठ थपथपाई है। उन्होंने कहा कि सरकार 75 हजार करोड़ का बोझ सहन कर किसान भाइयों की मदद के लिए खड़ी रहेगी।
अमित शाह ने कहा कि बैंक का कर्ज सिर्फ एक बार माफ होता है और आधे से ज्यादा किसान जो कर्ज भी नहीं लेते हैं, उन्हें भी इस योजना का लाभ होगा।
2 हेक्टेयर से कम भूमि वाले गरीब किसानों के लिए ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना’ एक ऐतिहासिक पहल है। जिसके अंतर्गत देश के करीब 12 करोड़ किसानों को मोदी सरकार द्वारा 75000 करोड़ रुपए के बजट से प्रति वर्ष 6000 रुपए दिए जायेंगे।
— Amit Shah (@AmitShah) February 1, 2019
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि यह समाज के हर वर्ग को राहत देने वाला बजट है. उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जो अपेक्षा थी वह इस बजट से पूरी होगी. उन्होंने कहा कि देश के छोटे किसानों को 2-2 हजार की तीन किस्तों में 6 हजार रुपये सालाना दिए जाएंगे.
कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि हमने पहले से ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए गाइड लाइन जारी कर दिए हैं और छोटे-सीमांत किसानों को अब हर साल 6 हजार रुपये दिए जाएंगे। मार्च से पहले हम किसानों के बैंक खातों में 2 हजार रुपये की किस्त डालने जा रहे हैं। अगले वित्त वर्ष से किसानों को पूरी 6 हजार रुपये हर साल दिए जाएंगे।





