PM मोदी अनिल अंबानी के ‘मिडिल मैन’ की तरह काम कर रहे थे: राहुल गांधी
आई एन न्यूज नई दिल्ली ब्यूरो: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राफेल के मुद्दे पर एक बार प्रेस कांफ्रेस कर मोदी सरकार पर हमला किया है। राहुल का कहना है कि राफेल सौदे से जुड़ा एक ईमेल सामने आया है। इस ईमेल में अनिल अंबानी का जिक्र है। राहुल ने आरोप लगाया कि राफेल सौदे से पहले अनिल अंबानी फ्रांस के रक्षा मंत्री से मिले। एक ईमेल की कॉपी भी राहुल गांधी ने दिखाई।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अनिल अंबानी के मिडिल मैन की तरह काम कर रहे थे। राहुल गांधी ने कहा कि अनिल अंबानी ने फ्रांस के रक्षा मंत्री को सौदे की जानकारी दी। यानी उन्हें पहले ही पता था। जबकि एचएएल, डिफेंस मिनिस्टर और विदेश सचिव को भी यह नहीं पता था। पीएम को यह बताना चाहिए कि आखिर अनिल अंबानी को डील से 10 दिन पहले ही कैसे सब पता चल गया। राहुल ने कहा कि हर रोज राफेल को लेकर नए खुलासे हो रहे हैं। इन खुलासों से साफ हो रहा है कि प्रधानमंत्री ने अपने दोस्त अनिल अंबाली की आपके 30 हजार करोड़ रुपए चुराने में मदद की।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल मामले को लेकर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि इस विमान सौदे को लेकर मोदी ने फ्रांस के साथ समानांतर बातचीत की और उन्हें इस पर जवाब देना चाहिए।

