उ०प्र० के महराजगंज जिले में बसपा ने पांच सीटों पर जारी की उम्मीदवारों की सूची
पार्टी ने नये चेहरों पर भी लगाया दांव
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क
रविवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने जनपद के पाँचों सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी कर दिया। बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस बार जनपद में जहाँ महराजगंज सदर से अपने चहेते प्रत्याशी निर्मेष मंगल और पनियरा से पूर्व विधान परिषद सभापति गणेश शंकर पाण्डेय, तथा सिसवा से राघवेन्द्र प्रताप सिंह पर भरोसा जताया है, तो वहीं फरेंदा और नौतनवा की सीटों पर नये चेहरों पर अपना दांव लगाया है।
फरेंदा विधानसभा में विगत 2012 के चुनाव में मायावती ने परशुराम को अपना प्रत्याशी चुना था। परन्तु उस चुनाव में परशुराम को 34065 मतों से ही संतोष करना पड़ा था और भाजपा प्रत्याशी बजरंग बहादुर इस सीट पर काबिज़ हुये। इस बार मायावती ने फरेंदा ब्लाक के पंचरुखी ग्रामसभा में दो बार से प्रधानी का चुनाव जीतने वाले बेचन प्रसाद पर भरोसा जताकर टिकट दिया है। माना जाता है कि बेचन प्रसाद विधानसभा चुनाव में नये हैं।
नौतनवा विधानसभा की बात करें तो विगत चुनाव में मायावती में सदामोहन उपाध्याय को अपना उम्मीदवार बनाकर चुनाव मैदान में उतारा था। जिनको यहाँ की जनता ने महज़ 20673 वोट दिया था। इस बार नौतनवा से नये उम्मीदवार एज़ाज़ अहमद खान पर पार्टी ने दांव लगाया है। एज़ाज़ अहमद खान मूलतः अम्बेडकर नगर के निवासी हैं, जिनका लक्ष्मीपुर में ईंट भट्ठे भी हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो वे टाण्डा के बसपा के एक दिग्गज नेता की बदौलत एज़ाज़ को बसपा का टिकट मिलने की खबर है।
सिसवा विधानसभा में पार्टी ने राघवेन्द्र प्रताप उर्फ़ अंकित सिंह पर दांव लगाया है। राघवेन्द्र प्रताप पिछले चुनाव में पहली बार लोकमंच पार्टी से चुनाव लड़े थे। जिनके ऊपर सिसवा की जनता ने भरोसा तो जताया पर इन्हें 21911 मतों से ही संतोष करना पड़ा ।





