अत्तरराष्ट्रीय महत्व के कस्बा सोनौली में गंदगी का अम्बार
आई एन न्यूज सोनौली /महराजगंज सोनौली सीमा से प्रतिदिन हजारों की संख्या मे देशी विदेशी पर्यटकों की आवाजाही भले ही होती हो लेकिन अन्तर्राष्ट्रीय महत्व के स्थान सोनौली में गंदगी का अम्बार लगा हुआ है। नोंमेन्स लैण्ड से लेकर होटल निरंजना तक सड़क पर कूड़े करकट की ढेर लगी हुई हैं। सरकार भले ही स्वच्छता के नाम पर पूरे देश में अभियान चला रही हो लेकिन नेपाल से भारत मे प्रवेश करने के बाद आपको गंदगी का अम्बार ही मिलेगा।
बताते चले कि जिले की सोनौली सीमा से रोज़ गौतम बुद्ध की जन्म स्थली लुम्बिनी, नेपाल की राजधानी काठमांडू में पशुपति नाथ मंदिर के दर्शन के लिए जाते हैं। ऐसे में सोनौली सीमा के ही रास्ते विदेशी पर्यटकों की आवाजाही के बाद भी साफ सफाई के नाम पर महज़ खानापूर्ति ही की जाती है। ज्ञात हो कि सीमा पर साफ सफाई के लिए ग्राम सभा जुगौली में सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है लेकिन महज़ कागजों में ही साफ सफाई दिखाकर खानापूर्ति पूरी कर दी जाती है।
एसएसबी के अधिकारियों की पहल पर गाहे बेगाहे सीमा पर सफाई अभियान भी चलाया जाता है लेकिन रोज़ाना सफाई न होने की वजह से हर वक्त गंदगी का अंबार लगा ही रहता है। उधर सीमा से लेकर करीब एक किलोमीटर तक में बसे सोनौली में सड़कों पर स्थित दुकानों में धूल भर जाता है जिससे स्थानीय लोग बीमार भी हो रहे हैं।
इस संबंध मे बीडीओ नौतनवां अजय यादव का कहना है कि जल्द ही सीमा पर विशेष अभियान चलाकर साफ सफाई कराई जाएगी साथ ही जुगौली में तैनात सफाईकर्मियों को लगातार सफाई के निर्देश दिए जाएंगे।





