कोरोना के खौफ से धीमी हुई मुंबई की रफ्तार
कोरोना के खौफ से धीमी हुई मुंबई की रफ्तार
आई एन न्यूज मुंबई डेस्क ( रिजवान खान ) कभी ना थमने वाली मुंबई को कोरोना वायरस ने बुरी तरह प्रभावित किया है । सैलाबों में भी ना रूकने वाली मुंबई ,आतंकी हमलों में भी ना रूकने वाली मुंबई , बड़ी से बड़ी घटना पर भी ना रूकने वाली मुंबई , कोरोना वायरस की वजह से रूक सी गयी है । जिससे कारोबार पर काफी असर दिखाई दे रहा है । कुछ लोग आफिस का काम अपने घरों पर ही लैपटॉप से निपटा रहे हैं । बाहर कम ही निकल रहे हैं । मुंबई शहर थम सा गया है । खचाखच ट्राफिक जाम से भरी हुई सड़कें अब खाली नजर आ रही हैं । हफ्ते भर काम करने के बाद रविवार को लोग छुट्टी बिताने के लिए शापिंग माॅल जाया करते थे । थियटरों में फिल्में देखकर मनोरंजन कर लेते थे । लेकिन अब वो सब नहीं है । कोरोना वायरस की वजह से जिम ,शापिंग माॅल,सिनेमा, स्वीमिंगपूल सब बंद है । कुछ पर्यटन स्थलों पर टूर अपरेटरों द्वारा पर्यटकों का समूह आने से रोकने के लिए धारा 144 लगा दी गयी है । हालांकि यह सभी स्थानों के लिए नहीं है । केवल टूर अपरेटरों के लिए है । ऐसे में लोग अपना समय बिताने कहां जायें । पर यह लोगों के स्वास्थ्य को लेकर इन स्थलों को बंद करने का सरकार का एक अहम फैसला है । और हो भी क्यों ना । क्योंकि भारत में अबतक कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में ही पाये गये है । मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रविवार तक महाराष्ट्र में ही कोरोना वायरस से संक्रमित 33 मामले पाये गये जबकि महाराष्ट्र के विभिन्न अस्पतालों में 95 मामले दर्ज हैं । इन सबके बीच मुंबई वालों के लिए कल का बीता हुआ रविवार बेहद मुश्किल भरा रहा । लोगों के मनोरंजन के सभी संसाधन बंद थे । कुछ लोग तो घरों में बैठकर बोर हो रहे थे । तो कुछ बिलावजह दोस्तों के घरों पर आना जाना कर रहे थे । और कुछ समंदर के किनारों पर मस्ती कर रहे थे । इसी वजह से मरीन ड्राइव, वर्ली सी फेस जैसी जगहों पर जबरदस्त भीड़ देखने को मिली ।





