नेपाल में हादसा: महाराष्ट्र के 31 पर्यटकों की मौत, भारतीय सीमा में शोक
नेपाल में हादसा: महाराष्ट्र के 31 पर्यटकों की मौत, भारतीय सीमा में शोक
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
नेपाल के पोखरा के पास एक बड़े हादसे में एक भारतीय नंबर की पर्यटक बस के खाई में गिरने से महाराष्ट्र के 31 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद भारतीय सीमा के सोनौली क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक सभी महाराष्ट्र राज्य के निवासी थे और उनका समूह काठमांडू जा रहा था। समूह की दो अन्य बसें जो उसी यात्रा का हिस्सा थीं, घटना के बाद वापस लौट रही हैं।
इन बसों के यात्री शाम करीब 5:00 बजे तक सोनौली बॉर्डर पर पहुंचने की संभावना है। वहां से स्थानीय प्रशासन उन्हें नौतनवा तहसील ले जाएगा, जहां उन्हें भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद सभी यात्रियों को उनके घर, महाराष्ट्र, भेजा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस के सभी मृतकों को महाराष्ट्र (मुंबई) भेजने के लिए उच्च स्तरीय बैठक चल रही है। इस बैठक में यह निर्णय लिया जा रहा है कि शवों को काठमांडू से सीधे हवाई मार्ग से मुंबई भेजा जाए या फिर सड़क मार्ग से।
वर्तमान में दुर्घटना में मारे गए बस चालक का शव सोनौली बॉर्डर पर पहुंचने की उम्मीद है, जिसे फिर गोरखपुर भेजा जाएगा। चालक भी गोरखपुर का निवासी था और बस गोरखपुर की केसरवानी परिवहन कंपनी की थी।
हादसे के कारण पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और प्रशासन स्थिति को संभालने में जुटा हुआ है।
महराजगंज, उत्तर प्रदेश।





