कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुति
कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुति
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: नौतनवा कस्बे के होली क्रॉस स्कूल प्रांगण में कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नर्सरी, एल.के.जी और यू.के.जी के बच्चों ने अपने मनमोहक प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया। भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न दृश्यों और कविताओं को बच्चों ने जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों में कृष्ण का जन्म, बाल लीलाएँ, माखन चोरी, और राक्षसों के वध जैसे प्रमुख प्रसंग शामिल थे।
इस कार्यक्रम का आंकलन नगर पालिका परिषद की पूर्व नगर अध्यक्षा श्रीमती नायला खान और समाजसेविका श्रीमती किरन जोशी द्वारा किया गया। बच्चों के सजीव अभिनय, नृत्य और कविताओं ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों के इस प्रदर्शन को देख हर कोई भावविभोर हो गया और वातावरण पूरी तरह से कृष्णमय हो उठा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर सेबस्टी ने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में यह आयोजन बच्चों को भगवान कृष्ण के जीवन और उनकी शिक्षाओं से अवगत कराने के लिए किया गया है। इस आयोजन से बच्चों को अभिनय और अपनी प्रस्तुति के माध्यम से आत्मविश्वास बढ़ाने का भी अवसर प्राप्त हुआ है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रधानाचार्य सिस्टर सेबस्टी, स्कूल प्रबंधक सिस्टर डेजी, उप प्रधानाचार्या सिस्टर निर्मला, और विद्यालय के सभी शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





