नौतनवा सरोजनी नगर में चाकू से हमला: आरोपी गिरफ्तार
नौतनवा सरोजनी नगर में चाकू से हमला: आरोपी गिरफ्तार
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा कस्बे के सरोजनी नगर मोहल्ले में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां प्रदीप पांडेय नामक युवक पर घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल प्रदीप का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है, जबकि हमले के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदीप पांडेय की भाभी प्राची पांडेय ने नौतनवा कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भतीजे की सगाई बनैलिया मंदिर परिसर में आयोजित की गई थी, जहां कन्या पक्ष से आए गोरखपुर निवासी गोरखनाथ ओझा का प्रदीप से किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। वहां मौजूद रिश्तेदारों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
सगाई समारोह के बाद प्रदीप पांडेय अपनी पत्नी के साथ घर लौट आए। जब वे दरवाजा बंद कर रहे थे, तभी आरोपी संदीप ओझा घर में घुस आया और अचानक चाकू निकालकर प्रदीप की गर्दन पर वार कर दिया। हमले के बाद जब प्रदीप की पत्नी कमरे से बाहर आईं, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। नौतनवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी संदीप ओझा को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं घायल प्रदीप पांडेय को परिजनों ने तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





