डाडा नाले पर बनेगा सेतु, विधायक ऋषि त्रिपाठी ने भूमि पूजन कर किया कार्य का शुभारंभ
डाडा नाले पर बनेगा सेतु, विधायक ऋषि त्रिपाठी ने भूमि पूजन कर किया कार्य का शुभारंभ
10 करोड़ 90 लाख की लागत से बनेगा सेतु, नेपाल से जुड़ेगा संपर्क मार्ग
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: सोनौली थाना क्षेत्र के नौतनवा-खनुवा मार्ग स्थित डाडा नाले पर सेतु व उसके पहुंच मार्ग के निर्माण हेतु शुक्रवार को भूमि पूजन एवं अधिग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह ऐतिहासिक कदम क्षेत्रीय विकास और भारत-नेपाल सीमा पर कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में उठाया गया है।
कार्यक्रम में नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋषि त्रिपाठी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ डाडा नाले पर बनने वाले सेतु और पहुंच मार्ग का विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में
स्थानीय जनसमूह भी मौजूद रहा।
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि यह परियोजना करीब 10 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से पूरी की जा रही है। इसके निर्माण से लाखों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और भारत-नेपाल के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को भी बल मिलेगा। यह मार्ग मित्र राष्ट्र नेपाल को सीधे जोड़ने का काम करेगा, जिससे व्यापार, आवागमन और सामाजिक संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य रूप से नौतनवा ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, नौतनवा नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, भाजपा नेता प्रदीप सिंह, प्रदीप पांडे, सोनौली नगर सेवक दीपक बाबा, ग्राम प्रधान हरदी डाली, राकेश पांडे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, गणमान्य नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।



