एसपी महराजगंज ने नवनियुक्त आरक्षियों को सिखाई सोशल मीडिया की मर्यादा
एसपी महराजगंज ने नवनियुक्त आरक्षियों को सिखाई सोशल मीडिया की मर्यादा
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क:
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में आज जनपद महराजगंज के पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने प्रशिक्षण केंद्रों में नवनियुक्त आरक्षियों को सोशल मीडिया पॉलिसी के अंतर्गत विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य था आरक्षियों को यह समझाना कि किस प्रकार सोशल मीडिया के जिम्मेदार और मर्यादित उपयोग से विभाग और शासन की छवि को सुरक्षित रखा जा सकता है।
इस अवसर पर एसपी सोमेंद्र मीना ने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग की जानकारी देते हुए यह भी बताया कि विभागीय गोपनीयता, अनुशासन और आचरण की मर्यादा का उल्लंघन करने वाले किसी भी ऑनलाइन आचरण से न केवल व्यक्तिगत बल्कि विभागीय स्तर पर भी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
उन्होंने आरक्षियों को यह भी चेताया कि बिना अनुमति के ड्यूटी संबंधित जानकारी, तस्वीरें, या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करना पूरी तरह वर्जित है और इसके उल्लंघन पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान सोशल मीडिया के उपयोग से जुड़ी शासन की नवीनतम गाइडलाइनों, उदाहरणों और अनुशासनात्मक कार्रवाई के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। आरक्षियों ने भी प्रशिक्षण के दौरान अपनी जिज्ञासाओं को साझा किया और सोशल मीडिया के संयमित उपयोग की शपथ ली। महाराजगंज उत्तर प्रदेश





