गोरखपुर में ‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री योगी ने सुनी जन समस्याएं
जनता की सेवा में सदैव तत्पर: गोरखपुर में ‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री योगी ने सुनी जन समस्याएं, दिए त्वरित समाधान के निर्देश
आई एन न्यूज गोरखपुर डेस्क;
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज ने आज गोरखपुर स्थित श्री गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जन सामान्य से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी ने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा आम जनता को त्वरित न्याय एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांगजन, युवा एवं विभिन्न वर्गों के लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। ज़्यादातर शिकायतें भूमि विवाद, इलाज में सहायता, नौकरी संबंधित समस्याएं, बिजली-पानी जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी थीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को हर मामले में तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए यह भी स्पष्ट किया कि जनता को न्याय दिलाना ही शासन का प्रथम कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री के साथ प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने मौके पर ही कई मामलों की जांच प्रारंभ कर दी।
बता दे कि जनता दर्शन की यह पहल शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम बन चुकी है, जिसे आम जन का भरपूर समर्थन और सराहना प्राप्त हो रही है। गोरखपुर- उत्तर प्रदेश








































