नौतनवा पड़ाव मैदान की कपड़े की दुकान में देर रात लगी भीषण आग

नौतनवा पड़ाव मैदान की कपड़े की दुकान में देर रात लगी भीषण आग
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा कस्बे के पड़ाव मैदान में स्थित रानी साड़ी सेंटर कपड़े की दुकान में शनिवार देर रात भीषण आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि समय रहते दमकल और स्थानीय लोगों के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात करीब 11:00 बजे पड़ाव मैदान में स्थित विंध्याचल मद्धेशिया की कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और धू-धू कर कपड़े जलने लगे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आस-पास की दुकानों में भी खतरे की आशंका फैल गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नौतनवा नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी को दी। सूचना मिलते ही श्री त्रिपाठी ने तत्काल फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया और स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में दमकल की टीम और नगर पालिका की स्थानीय दमकल वहां पहुंच गई और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी सहयोग करते हुए पानी और बाल्टी लेकर आग बुझाने में मदद की।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना में दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया है, जिससे दुकानदार को भारी नुकसान हुआ है।
फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।


Translate »