सोनौली: संदीप ट्रेडर्स में भीषण आग, भारत-नेपाल की फायर ब्रिगेड ने संयुक्त रूप से पाया काबू
सोनौली: संदीप ट्रेडर्स में भीषण आग, भारत-नेपाल की फायर ब्रिगेड ने संयुक्त रूप से पाया काबू
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: भारत-नेपाल सीमा के अंतरराष्ट्रीय महत्व के कस्बे सोनौली में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब कस्बे के मुख्य बाजार स्थित संदीप ट्रेडर्स नामक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। घटना रात लगभग 9:00 बजे की है, जब दुकान बंद होने के बाद उसमें से धुआं उठता देखा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान के स्वामी रोज़ की तरह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। उसी दौरान अचानक लोगों ने दुकान से धुआं उठते देखा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत नेपाल के भैरहवा स्थित दमकल विभाग को सूचना दी, साथ ही नौतनवा की फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया।
भारत और नेपाल दोनों देशों की फायर ब्रिगेड टीमों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी पानी और बाल्टी की मदद से आग बुझाने में भरपूर सहयोग किया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक पूरी दुकान जलकर राख हो चुकी थी।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दुकान में रखे गए सामानों के नुकसान का मूल्यांकन किया जा रहा है, हालांकि अनुमान है कि लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





