गौशाला भूमि विवाद: एसडीएम कार्यालय में हुई बैठक रही बेनतीजा, सोमवार को पुनः होगी पेशी

गौशाला भूमि विवाद: एसडीएम कार्यालय में हुई बैठक रही बेनतीजा, सोमवार को पुनः होगी पेशी

पिछले 15 वर्षों से पानी का टैंक वहां स्थित है, लेकिन अब तक किसी ने उसे घेरने की कोशिश क्यो नहीं की? यह विवाद मेरे विपक्षियों के इशारे पर खड़ा किया जा रहा है–अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी 

आई.एन. न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा नगर पालिका परिषद और गौशाला समिति के बीच चल रहा भूमि विवाद अब प्रशासनिक स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार को इस विवाद को लेकर एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार के कार्यालय में दोनों पक्षों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, लेकिन यह बैठक किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी।
बैठक के दौरान जब दस्तावेज प्रस्तुत करने की बारी आई, तो गौशाला समिति एक पुराने नक्शे के सिवाय कोई पुख्ता दस्तावेज नहीं दिखा पाई। वहीं नगर पालिका परिषद नौतनवा ने राजस्व अभिलेख में दर्ज नवीन परती की प्रति प्रस्तुत की, जिसमें उक्त भूमि को नवीन परती के रूप में दर्शाया गया है जो सरकारी संपत्ति है।

एसडीएम नवीन कुमार ने दोनों पक्षों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और आदेश दिया कि आगामी सोमवार को दोनों पक्ष अपने-अपने सम्पूर्ण दस्तावेजों के साथ पुनः उपस्थित हों। तब तक के लिए उन्होंने निर्देश दिया कि उक्त भूमि पर कोई भी पक्ष किसी भी प्रकार का कार्य नहीं करेगा।
गौरतलब है कि नौतनवा कस्बे में स्थित एक भूमि को लेकर नगर पालिका परिषद और गौशाला समिति आमने-सामने हैं। गौशाला समिति उस भूमि को अपनी बताते हुए पूरी जमीन को चारदीवारी से घेरने की मांग कर रही है, जबकि नगर पालिका परिषद का कहना है कि यह भूमि राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के रूप में दर्ज है और उस पर नगर को स्वच्छ जल आपूर्ति हेतु 20 हजार लीटर क्षमता का पानी टैंक बनाया गया है। साथ ही, एक बोरिंग कराकर नगर की लगभग आधी आबादी को घर-घर शुद्ध जल पहुंचाया जा रहा है।
नगर पालिका का पक्ष है कि पानी टैंक और बोरिंग के स्थान को छोड़कर बाकी हिस्से की बाउंड्री वॉल की जा सकती है, लेकिन गौशाला समिति पूरे क्षेत्र को घेरने पर अड़ी हुई है, जिससे विवाद गहरा गया है।
इस संबंध में नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा,”यह विवाद विपक्षियों के इशारे पर खड़ा किया जा रहा है। पिछले 20 वर्षों से पानी का टैंक वहां स्थित है, लेकिन अब तक किसी ने उसे घेरने की कोशिश नहीं की। अब जबकि मेरे कार्यकाल में जनहित में कार्य हो रहा है, तभी लोगों को उसे घेरने की चिंता क्यों सताने लगी?”
बैठक में नगर पालिका की ओर से अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज, वरिष्ठ लिपिक संजय श्रीवास्तव, रमाशंकर सिंह सहित कई सभासद मौजूद रहे। वहीं, गौशाला समिति की ओर से ओमप्रकाश वर्मा, मनोज राना, सुनील श्रीवास्तव (अधिवक्ता) सहित अनेक लोग उपस्थित थे।
अब सभी की निगाहें सोमवार को होने वाली अगली बैठक पर टिकी हैं, जिसमें दस्तावेजों के आधार पर एसडीएम निर्णय की दिशा तय कर सकते हैं।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।

Translate »
  1. ब्रेकिंग न्यूज़: ऊ०प्र०- जिले की हर छोटी बड़ी खबर लाइव देखने के लिए
  2. जुड़े रहे इंडोनेपालन्यूज़ के फेसबुक पेज से, शहर के हर छोटी बड़ी खबर हम आपको लाइव दिखाएंगे