किसानों को समय से खाद न मिलने पर भड़के विधायक,सचिव का वेतन रोका, मचा हड़कंप
किसानों को समय से खाद न मिलने पर भड़के विधायक,सचिव का वेतन रोका, मचा हड़कंप
आई एन न्यूज़ बरगदवा डेस्क:
बरगदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलापुर सहकारी समिति पर आज खाद वितरण में हो रही देरी को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखी गई। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कड़ा रुख अपनाया और समिति सचिव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, समिति पर आज खाद वितरण निर्धारित था, लेकिन सुबह से ही खाद के लिए पहुंचे किसान सचिव का इंतजार करते रहे। दोपहर तक जब सचिव नहीं पहुंचा, तो नाराज किसानों ने विधायक ऋषि त्रिपाठी को मोबाइल पर स्थिति से अवगत कराया।
किसानों की शिकायत सुनते ही विधायक ऋषि त्रिपाठी भड़क गए और तत्काल ए-आर कोआपरेटिव से वार्ता कर सचिव का वेतन बाधित करने और विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधायक की इस कड़ी प्रतिक्रिया के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। उधर किसानों के उग्र तेवर को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी, नौतनवा और ए आर नौतनवा तत्काल मौके पर पहुंचे। सचिव को बुलाकर मौके पर ही खाद वितरण शुरू कराया गया। इस पूरी कार्रवाई से सहकारी समितियों के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
विधायक ऋषि त्रिपाठी ने स्पष्ट कहा है कि किसानों को समय पर खाद मिलना उनका अधिकार है, और इसमें कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी ऐसी कोई शिकायत मिलती है, तो संबंधित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि विधायक त्रिपाठी किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने के लिए पहले ही सहकारिता मंत्रालय से वार्ता कर चुके हैं। उनके प्रयासों से नौतनवा विधानसभा क्षेत्र की अधिकतर समितियों पर खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
लेकिन कुछ समितियों पर कर्मचारियों की लापरवाही के चलते किसान परेशान हो रहे हैं। इस प्रकार की लापरवाही को लेकर विधायक की चिंता लगातार बनी हुई है। किसानों ने विधायक द्वारा लिए गए त्वरित एक्शन की खूब सराहना हो रही है।
इस संबंध में ए-आर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता से उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो वह टाल मटोल करने लगे। ऐसे गैर जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई किए जाने की किसानों ने मांग किया है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





