दाल मखनी में पकड़ा गया प्यार: पत्नी ने रंगे हाथों पकड़ा बेवफा पति को
“दाल मखनी में पकड़ा गया प्यार: पत्नी ने रंगे हाथों पकड़ा बेवफा पति को,प्रेमिका की जमकर पिटाई”
आई एन न्यूज लखनऊ डेस्क:
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक अजीबो-गरीब और फिल्मी अंदाज की घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पति को रंगे हाथों उसकी प्रेमिका के साथ पकड़ लिया। मामला उस वक्त तूल पकड़ गया जब महिला ने अपने पति को एक रेस्टोरेंट में प्रेमिका के साथ दाल मखनी का मजा लेते हुए देख लिया।
जानकारी के मुताबिक, पति घर पर हमेशा खाने में कमी निकालता था — कभी नमक कम, तो कभी मसाला ज्यादा। लेकिन जब पत्नी ने उसे बाहर एक रेस्टोरेंट में प्रेमिका के साथ हँसते-खेलते देखा और दाल मखनी खाते हुए पाया, तो उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने वहीं पर कहा,”घर पर तो सब्जी में नमक कम बताता है और यहां दाल मखनी का मजा ले रहा है!”
यह सुनते ही रेस्टोरेंट में मौजूद लोग हैरान रह गए। मौके की नज़ाकत को भांपते हुए पति वहां से रफूचक्कर हो गया, लेकिन प्रेमिका को पत्नी और उसके साथ मौजूद परिजनों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने प्रेमिका को पिटाई से बचाकर थाने पहुंचाया और महिला तथा उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है।
स्थानीय लोग इस नाटकीय घटना को मोबाइल में कैद करते नजर आए और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
पुलिस का कहना है कि अगर दोनों पक्षों में से कोई शिकायत दर्ज कराता है, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि रिश्तों में विश्वास की डोर जब टूटती है, तो नतीजे कितने विस्फोटक हो सकते हैं।
(उत्तर प्रदेश)





